CG Morning News : रायपुर. छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस 2026 के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं. राज्य शासन ने समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी जिलों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं. जारी निर्देशों के अनुसार, राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री सुबह 9 बजे मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे. इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे प्रदेश में सामूहिक वंदे मातरम् गायन भी कराया जाएगा.

राज्य शासन के निर्देशानुसार, जिला मुख्यालयों पर प्रभारी मंत्री या नामित जनप्रतिनिधि ध्वजारोहण करेंगे, जबकि विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर भी जनप्रतिनिधियों द्वारा तिरंगा फहराया जाएगा. समारोह के दौरान शहीद जवानों, स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा. साथ ही सभी शासकीय भवनों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय पर्व गरिमापूर्ण ढंग से मनाने के निर्देश दिए गए हैं.

आज लगेगी स्पेशल लोक अदालत

सूरजपुर. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के मार्गदर्शन और जिला एवं सत्र न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष थॉमस एक्का के निर्देशन में 18 जुलाई को स्पेशल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा. इसमें पराक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 (धारा 138 एनआई एक्ट) से जुड़े मामलों का आपसी सहमति से त्वरित निपटारा किया जाएगा. स्पेशल लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय सूरजपुर और तालुका न्यायालय प्रतापपुर में होगा. मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए दोनों न्यायालयों में दो-दो खंडपीठ बनाई गई हैं. यानी कुल चार खंडपीठों के माध्यम से प्रकरणों की सुनवाई होगी.

कम खर्च में मिलेगा समाधान

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार, लोक अदालत में पक्षकार आपसी समझौते के आधार पर कम समय और कम खर्च में अपने मामलों का समाधान करा सकते हैं. यहां दिया गया निर्णय अंतिम और सभी पक्षों पर बाध्यकारी होता है, जिससे अनावश्यक मुकदमेबाजी से भी बचाव होता है. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर ने धारा 138 एनआई एक्ट से जुड़े सभी पक्षकारों से अपील की है कि वे स्पेशल लोक अदालत में उपस्थित होकर इस वैकल्पिक और प्रभावी न्याय व्यवस्था का अधिकतम लाभ उठाएं.

HPV टीकाकरण सप्ताह का आज अंतिम दिन

रायपुर: महिलाओं और किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाने के उद्देश्य से प्रदेश में चल रहा विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह आज, 18 जुलाई, को समाप्त हो रहा है. स्वास्थ्य विभाग ने पात्र बालिकाओं से अपील की है कि यदि उन्होंने अब तक HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) का टीका नहीं लगवाया है, तो आज ही अपने नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या निर्धारित टीकाकरण केंद्र पहुंचकर इसका लाभ लें.

रायपुर में आज के कार्यक्रम 

कार्यशाला

विषय- हिंदवी स्वराज्य से साम्राज्य तक

संस्थान – छत्रपति शिवाजी महाराज कार्यक्रम आयोजन समिति व श्रीशिवाजी रायगढ़ स्मारक मंडल पुणे

स्थान- चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल का सभागृह

समय- शाम 4 से 7 बजे तक.

दीक्षा दिवस समारोह – आचार्यश्री विद्यासागर का 57 वां दीक्षा दिवस

संगठन- सकल दिगंबर जैन समाज व श्रीचंद्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर शंकरनगर

स्थान- सिन्धु भवन, बीटीआई मैदान के पास शंकरनगर

समय- सुबह 7 बजे से.

कला प्रदर्शनी ‘सीता’

स्थान- मोवा स्थित कूल होम्स

समय- सुबह 11 बजे से.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H