बिलासपुर। चैत्र नवरात्रि पर्व को लेकर रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर ट्रस्ट की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें नवरात्रि के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई। हर साल पार्किंग को लेकर हो रही परेशानियों को देखते हुए इस बार 20 एकड़ में पार्किंग बनाई गई है। समतलीकरण और लाइटिंग की व्यवस्था कर दी गई है। साथ ही प्रवेश और निकासी का रास्ता अलग-अलग कर दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को परेशान न हो।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मंदिरों में केवल धार्मिक कार्यक्रम ही होंगे। वहीं नवरात्रि के दौरान मंदिर में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा रहेगी। एंबुलेंस भी तैनात रहेगी। 8-8 घंटे के अंतराल में डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जाएगी। 24 घंटे बिजली व फायर ब्रिगेड की टीम भी तैनात रहेगी। मंदिर में सुरक्षा की दृष्टि से 24 घंटे पुलिस व कार्यपालन दंडाधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी।

पर्व से पहले मंदिर तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। गर्मी को देखते हुए मंदिर परिसर में पर्याप्त पंखे और पेयजल की व्यवस्था करने का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा लखनी देवी मंदिर क्षेत्र में पर्याप्त बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। बैठक कोटा एसडीएम की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान मंदिर के ट्रस्टी आशीष सिंह ठाकुर, अध्यक्ष अरुण शर्मा, उपाध्यक्ष सतीश शर्मा, एएसपी मधुलिका सिंह, एसडीओपी नूपुर उपाध्याय सहित अन्य मौजूद रहे। मां महामाया मंदिर समिति के पदाधिकारी अरुण शर्मा ने सभी का आभार जताया।

निशुल्क भंडारे के लिए 30 सिलेंडर देने का प्रशासन ने दिया आश्वासन

गैस की कमी को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट के समाने परेशानी खड़ी हो गई है कि वे 9 दिन चलने वाले निशुल्क भंडारा कैसे पकाएंगे। इस समस्या को मंदिर ट्रस्ट ने प्रशासन के सामने रखा। इस पर प्रशासन द्वारा 30 सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को भोजन मिल सके।

पैदल यात्रियों को वापस जाने के लिए 20 बसों की व्यवस्था

सप्तमी पर पूरी रात भक्तों के दर्शन के लिए मंदिर का पट खुला रहेगा। पैदल यात्रियों को वापस जाने के लिए बस की व्यवस्था की गई है। 20 बसें तैनात रहेंगी, जो पैदल यात्रियों को वापस ले जाएंगी। वहीं बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शहर के व्यवसायियों से अपने सीसीटीवी कैमरों का एंगल मुख्य सड़क की ओर रखने का निर्णय लिया गया। हेलीपेड क्षेत्र में आवश्यक बेरिकेडिंग करने के निर्देश दिए। नवरात्रि पर्व के दौरान रतनपुर नगर पालिका परिषद को विशेष साफ-सफाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।