सुदीप उपाध्याय, बलरामपुर। जिले के विजयनगर गांव में शनिवार को नदी में नहाने के दौरान 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान विनोद यादव उर्फ डिंपल (12) के रूप में हुई है। वह अतिथि शिक्षक शिवलाल यादव का पुत्र था। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर विनोद अपने दो दोस्तों के साथ घर से लगभग 200 मीटर दूर स्थित बाकी नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद एक साथी ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन हाथ छूट जाने के कारण वह पानी में समा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीण पवन यादव ने करीब 12 फीट गहरे पानी में उतरकर लगभग आधे घंटे तक तलाश की, जिसके बाद बालक का शव नदी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलने पर विजयनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

