CG News : अरविन्द मिश्रा, बलौदा बाजार. शहर में इन दिनों नाबालिग चोर गिरोह सक्रिय होकर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा है. बेखौफ बदमाशों को पुलिस का भी खौफ नहीं है. कोई उन्हें रोकने या पकड़ने की कोशिश करता है तो धारदार हथियार दिखाकर धमकाने से भी पीछे नहीं हटते. बीती रात शक्तिपारा इलाके के सूने मकान में चोरों ने धावा बोला. बताया जा रहा है कि नशे के लिए पैसे जुटाने के मकसद से गैंग लगातार चोरी कर रहा है.

जानकारी के मुताबिक, नाबालिगों का गिरोह नशे का आदी है. नशा करने के लिए वह क्षेत्र में घूम-घूमकर लगातार सबमर्सिबल पंप के केबल वायर चुराते हैं और कबाड़ी दुकान में बेचते हैं. इन पैसों से वह अय्याशी करते हैं. घटनाओं से रहवासियों में डर का माहौल बना हुआ है.

सूने मकान में बोला धावा

शक्तिपारा में शनिवार को चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया. चोर पीछे की खिड़की तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए. इसके बाद आंगन में लगे बोर के केबल को काटकर अपने साथ ले गए. चोरों ने घर में रखे अन्य सामान पर भी हाथ साफ किया. घटना के बाद मामले की शिकायत कोतवाली थाना में दर्ज कराई गई है.

नशे का कारोबार और इसकी बढ़ती लत समाज के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है. युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक नशे की गिरफ्त में हैं, वहीं नाबालिग भी इससे अछूते नहीं हैं. नशे की जरूरत पूरी करने के लिए अब नाबालिग गैंग बनाकर चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. फिलहाल पुलिस बीती रात हुई चोरी की शिकायत की जांच कर रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H