अभिषेक सेमर, तखतपुर। छत्तीसगढ़ के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत ठाकुरकापा में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के साव तालाब में 14 वर्षीय नाबालिग बालक का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान देवेंद्र पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बालक शारीरिक और मानसिक रूप से बीमार था तथा घर से लापता हो गया था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे और गुमशुदगी दर्ज कराने तखतपुर थाने पहुंचे थे। इसी दौरान तालाब में शव मिलने की सूचना से परिवार में मातम छा गया।
घर से लापता था बालक, परिजन कर रहे थे तलाश
जानकारी के अनुसार, देवेंद्र पटेल घर से लापता हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजन उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने पुलिस थाने पहुंचे। इसी बीच ग्राम ठाकुरकापा के साव तालाब में एक बालक का शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान देवेंद्र पटेल के रूप में की गई।

पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाया
तालाब में शव मिलने की सूचना पर तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पंचनामा तैयार करने के बाद शव को मर्चुरी में रखवाया गया है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
तखतपुर थाना प्रभारी सतीश साहू ने बताया कि बालक के परिजन उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। इसी दौरान ठाकुरकापा गांव के तालाब में शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराई। परिजनों के अनुसार, बालक शारीरिक और मानसिक रूप से बीमार था तथा घर से लापता हो गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

