CG News : दुर्ग. शहर के बोरसी बस्ती स्थित अटल आवास में केबल कर्मचारी को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. केबल संबंधी शिकायत का निराकरण के लिए ग्रैंड विजन केबल कंपनी का फील्ड शशिकांत राय मौके पर पहुंचा था. आरोप है कि इस दौरान अक्षय शर्मा उर्फ लक्की और मिथलेश ने कर्मचारी से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. शिकायत के बाद दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया है.

पीड़ित शशिकांत राय ने पुलिस को बताया कि वह ग्रैंड विजन केबल कंपनी में फील्ड कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं. 4 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे वह बोरसी बस्ती अटल आवास स्थित शिव मंदिर के पास केबल संबंधी शिकायत का निराकरण करने पहुंचे थे. इसी दौरान अक्षय शर्मा उर्फ लक्की और मिथलेश वहां पहुंचे. आरोप है कि दोनों ने उनसे कहा कि इस क्षेत्र में केबल का काम नहीं कर सकते. इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई.

केबल कारोबार में दबाव बनाने और धमकी का आरोप

शिकायतकर्ता पक्ष ने आरोप लगाया है कि अक्षय शर्मा और मिथलेश, मल्टीनेशनल कंपनी GTPL के उच्चाधिकारी मनीष श्रीवास्तव और स्थानीय सहायक बबलू भाटिया के साथ मिलकर क्षेत्र के केबल ऑपरेटरों पर दबाव बनाते हैं. आरोप है कि स्थानीय प्रभावशाली लोगों, असामाजिक तत्वों और शराब कारोबार से जुड़े लोगों के माध्यम से केबल ऑपरेटरों को गाली-गलौज और धमकी दी जाती है. इससे उन्हें स्वतंत्र रूप से व्यवसाय करने में परेशानी हो रही है.

शिकायत में यह भी बताया गया है कि कुछ लोग मिलकर क्षेत्र में केबल प्रसारण को लेकर विवाद की स्थिति पैदा कर रहे हैं. शिकायतकर्ता पक्ष का कहना है कि ऐसी गतिविधियों से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन रहा है और केबल कारोबार करने वाले लोगों में भय की स्थिति है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है.

अशोक शर्मा के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज होने का दावा

शिकायतकर्ता पक्ष ने अशोक शर्मा को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत में दावा किया गया है कि अशोक शर्मा के खिलाफ दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह इन मामलों में जेल भी जा चुका है. इसके अलावा स्थानीय मल्टी सिस्टम ऑपरेटर से बड़ी राशि लेकर कथित धोखाधड़ी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है, जिसे लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल किए जाने की बात कही गई है. शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि ये लोग मिलकर क्षेत्र के केबल व्यवसाय पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं.

इन आरोपों को लेकर शिकायतकर्ता पक्ष ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से भी शिकायत किए जाने की बात कही है. वहीं राज्यपाल से अशोक शर्मा के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की मांग किए जाने का भी दावा किया गया है. फिलहाल पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H