टुकेश्वर लोधी, आरंग। आरंग के व्यस्ततम नेताजी चौक पर आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल से गिरे युवक को पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बुरी तरह रौंद दिया। हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में राजधानी रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बाइक पर दो युवक सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही वे आरंग के नेताजी चौक के पास पहुंचे, अचानक मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार के चालक ने बाइक सवार एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया और उसे रौंदते हुए निकल गई। हादसा इतना भयानक था कि कार का पहिया युवक के सिर पर चढ़ गया, जिससे युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई है।


घटना की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। गंभीर रूप से घायल युवक का नाम प्रकाश साहू बताया जा रहा, जो आरंग के ग्राम बरछा का रहने वाला है। वहीं, दुर्घटना कारित करने वाली कार का चालक महासमुंद जिले के ग्राम जलकी का निवासी बताया जा रहा है।
आसपास के लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (आरंग) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक की गंभीर और चिंताजनक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए तत्काल रायपुर रेफर कर दिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच में जुट गई है। व्यस्ततम चौक पर हुए इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

