दिनेश द्विवेदी, मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले की चिरमिरी पुलिस ने पैसा दोगुना करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले चिटफंड कंपनी संचालक को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुब्रतो घोषाल के रूप में हुई है, जिसने ‘सुब्रतो लॉजिस्टिक्स’ नाम से कंपनी बनाकर लोगों से निवेश कराया और बाद में रकम हड़प ली।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने लोगों को कम समय में निवेश की राशि दोगुनी करने का झांसा देकर बड़ी संख्या में लोगों से पैसे जमा कराए। शुरुआती जांच में केवल चिरमिरी क्षेत्र में ही करीब 72 लाख रुपये की ठगी सामने आई है, जबकि पूरे मामले में 2 से 3 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी होने की आशंका जताई जा रही है।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम से आरोपी ने कई वाहन खरीदे थे। अब तक 11 वाहनों और 3 हाइवा की जानकारी सामने आई है। इनमें से एक कार पुलिस ने जब्त कर ली है। साथ ही आरोपी से जुड़े 11 बैंक खातों की जांच की जा रही है, ताकि ठगी की पूरी रकम और उसके लेन-देन का पता लगाया जा सके।
चिरमिरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। यदि जांच में नए तथ्य सामने आते हैं तो कार्रवाई का दायरा और बढ़ाया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

