देवजीत देवनाथ, पखांजूर। कांकेर (Kanker) जिले के पखांजूर क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली (Lightning) गिरने से एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से घर में मातम पसर गया है।

जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर पीव्ही-12 निवासी आशुतोष विश्वास सुबह अपने मक्का खेत में पानी देने के लिए गए थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और तेज गर्जना और बिजली कड़कने लगी। तभी अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आकाशीय बिजली से बचने के उपाय
- बारिश के दौरान खेतों, खुले मैदानों, पेड़ों या किसी ऊँचे खंभे के पास न जाएँ, क्योंकि इन पर बिजली गिरने की संभावना सबसे अधिक होती है।
- अगर तेज बारिश हो रही हो और आसमान में बादल गरज रहे हों, तब तूफान के दौरान झीलों, नदियों और तालाब जैसी जगहों से दूर रहें। इन खुली जगहों पर बिजली गिरने का खतरा अधिक रहता है।
- आंधी के दौरान बिजली के उपकरणों, जैसे लैंडलाइन फोन, कंप्यूटर या अन्य प्लग-इन डिवाइस का उपयोग करने से बचें, क्योंकि बिजली तारों के माध्यम से फैल सकती है और खतरा पैदा कर सकती है।
- तूफान बीत जाने के बाद भी तुरंत बाहर न निकलें। कम से कम 30 मिनट तक इंतजार करना जरूरी है। बिजली देर से गिर सकती है और जब तक तूफान और बिजली चमकना पूरी तरह से बंद न हो जाए, तब तक खतरा बना रह सकता है।
- खराब मौसम में जमीन के सीधे संपर्क से बचें और खाट या बेड पर रहें। जमीन पर नंगे पैर न रहें। रबर की चप्पलों का प्रयोग करें।
घर से बाहर इन बातों का रखें ध्यान
- बिजली कड़कने पर घर में आश्रय लें, टिन या धातु से बनी छत वाले मकानों से दूर रहें।
- यदि खुले आसमान के नीचे हों, तो तुरंत छिप जाएँ, जमीन पर न लेटें।
- कभी भी पेड़ के नीचे न खड़े हों और एक स्थान पर भीड़ न लगाएं, सभी फैलकर खड़े हों।
- यदि आप कार/बस या ढके हुए वाहन के अंदर हैं, तो वहीं रहना सुरक्षित है।
- घर के बाहर धातु की वस्तुओं का इस्तेमाल न करें, बिजली और टेलीफोन के खंभों से दूर रहें।
- पानी के भीतर न रहें, झील और नाव से तुरंत बाहर निकल जाएं।
घर के भीतर इन बातों का रखें ध्यान
- बिजली कड़कने के दौरान घर के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें और तार वाले टेलीफोन का इस्तेमाल न करें।
- खिड़कियों और दरवाजों से दूर रहें और खुले में न खड़े हों।
- प्लंबिंग और लोहे के पाइपों को न छुएँ। साथ ही नल से बहते पानी का इस्तेमाल न करें।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

