CG News : प्रतिक पटनायक, धमतरी. वनांचल में लघु वनोपज और औषधीय पौधों की खेती करने वाले किसानों के लिए आज का दिन बड़ी राहत और सौगात लेकर आया. श्यामतराई कृषि उपज मंडी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में लघु वनोपज और वनौषधियों के विधिवत क्रय का शुभारंभ किया गया. इस पहल से स्थानीय किसानों के चेहरों पर खुशी साफ देखने को मिली.
CG News : एक ही छत के नीचे मिलेगी बाजार की सुविधा

प्रशासन की इस नई व्यवस्था के तहत अब वनोपज संग्रहकों और किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा. उन्हें एक ही छत के नीचे पारदर्शी तरीके से अपनी उपज का सही मूल्य मिलेगा. साथ ही स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के रास्ते भी खुलेंगे.
CG News : देश-विदेश में है धमतरी की वनौषधियों की भारी मांग

धमतरी वनांचल क्षेत्र अपनी बहुमूल्य वनौषधियों के लिए विशेष पहचान रखता है. यहां अश्वगंधा, ब्राह्मी, शतावरी सहित कई दुर्लभ औषधीय पौधों का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है. इन औषधियों की मांग न केवल देश के विभिन्न राज्यों में, बल्कि विदेशों में भी लगातार बनी रहती है.

बिचौलियों से मुक्ति और किसानों को सीधा मुनाफा
वनांचल के किसानों को उनकी मेहनत का पूरा लाभ दिलाने और बिचौलियों के चंगुल से बचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने श्यामतराई मंडी में इस क्रय व्यवस्था की शुरुआत की है. प्रशासन का मानना है कि इस कदम से जहां एक तरफ स्थानीय किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में वनौषधि और लघु वनोपज के उत्पादन को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

