नरेश शर्मा, रायगढ़। जिले में दहेज प्रताड़ना से परेशान एक नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में भूपदेवपुर पुलिस ने उसके पति और सास-ससुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की मर्ग जांच में सामने आया कि मृतिका को शादी के बाद से ही कम दहेज लाने और मोटरसाइकिल नहीं देने की बात कहकर प्रताड़ित किया जा रहा था। वहीं, कुछ महीने पहले कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की मांग भी की गई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ दहेज मृत्यु का अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जैमुड़ा निवासी नीता पटेल (34) का विवाह करीब तीन साल पहले राकेश पटेल के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि शादी के लगभग एक साल बाद से ही पति राकेश पटेल, सास शांति बाई पटेल और ससुर बंधुराम पटेल उसे कम दहेज लाने तथा मोटरसाइकिल नहीं देने की बात पर परेशान करने लगे थे। इस दौरान उसके साथ विवाद, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना किए जाने का आरोप है।

परिजनों के मुताबिक, करीब चार-पांच महीने पहले आरोपियों ने कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की मांग की थी। इस बात को लेकर भी मृतिका के साथ विवाद और मारपीट की गई थी। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर 19 अक्टूबर 2026 को नीता पटेल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी लगना बताया गया। पुलिस द्वारा की गई मर्ग जांच के दौरान मायके पक्ष के परिजनों के बयान दर्ज किए गए, जिसमें दहेज की मांग को लेकर पति और सास-ससुर द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर भूपदेवपुर पुलिस ने 4 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 और 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में आगे की कार्रवाई की गई।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 7 नवंबर को मृतिका के पति राकेश पटेल (34), ससुर बंधुराम पटेल (56) और सास शांति बाई पटेल (52) को गिरफ्तार किया। तीनों ग्राम जैमुड़ा, थाना भूपदेवपुर के निवासी हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत की गई।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

