शशिकांत डिक्सेना, कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली क्षेत्र में आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेंदूपत्ता गोदाम के पास ट्रक और यात्री बस के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में 40 से 50 यात्री बैठे थे, जिनमें से 6 यात्री घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक बस कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

narayana

घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था बहाल कर दी है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m