दिनेश द्विवेदी, मनेन्द्रगढ़। ट्रैक्टर चालक की लापरवाही ने चार वर्षीय मासूम की जान ले ली। दर्दनाक सड़क हादसे में मनीष सारथी की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है। यह घटना मनेंद्रगढ़ जिले के ग्राम पंचायत सिरौली की है। वहीं बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में टिकारी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर चालक नदी से रेत निकालने जा रहा था। इस दौरान उसने वाहन पर चार बच्चों को बैठा रखा था। रास्ते में ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और एक बच्चा नीचे गिरकर पहिए की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मासूम मनीष सारथी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


हादसे के बाद सिरौली गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन चालकों की लापरवाही के कारण आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, जिन पर सख्ती से रोक लगाने की आवश्यकता है।

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के टिकारी के पास गुरुवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे।
युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर मस्तूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराया तथा आरोपी ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

