बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नशीली दवाओं के अंतरजिला नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1,146 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट्स, एक कार, 8 स्मार्टफोन और नकदी बरामद की गई है। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 61 हजार 192 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन और एसडीओपी भाटापारा के मार्गदर्शन में थाना भाटापारा ग्रामीण और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की।

साइबर सर्विलांस से मिला तस्करों का सुराग

क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अवैध आवाजाही की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने डिजिटल डेटा एनालिसिस, लोकेशन ट्रैकिंग और संदिग्ध कॉल्स की निगरानी शुरू की। तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने अंतरजिला नेटवर्क की गतिविधियों को ट्रैक किया। पुलिस को सूचना मिली कि तस्कर सफेद रंग की कार क्रमांक CG 07 AB 7007 में नशीली दवाओं की खेप लेकर ग्राम दतरेगा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में डिलीवरी देने पहुंचने वाले हैं।

दतरेगा में घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम दतरेगा में संदिग्ध स्थान की घेराबंदी की। मौके से 6 आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गिरोह से जुड़े एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया। ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में जब्त दवाओं की जांच कराई गई, जिसमें प्रतिबंधित नशीले तत्व की पुष्टि होने की बात पुलिस ने कही है। मामले में थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 534/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ धारा 8(c), 21(c), 29 एनडीपीएस एक्ट और धारा 111 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

1,146 नशीली गोलियां और 8 मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1,146 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की है। इनमें Spas Trancan Plus की 1,088 कैप्सूल और Ultracet की 58 टैबलेट शामिल हैं। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार, 8 आईफोन और एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 7,650 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री में नशीली दवाओं की कीमत करीब 13,542 रुपये, वाहन की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये और मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये है।

पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशीली दवाओं के इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि नशीली दवाओं की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि आसपास होने वाले अवैध नशे के कारोबार या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 जारी किया गया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H