नरेश शर्मा, रायगढ़। रेलवे सुरक्षा व्यवस्था के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जीआरपी ने हीराकुंड एक्सप्रेस से 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार जीआरपी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 20807 अप हीराकुंड एक्सप्रेस के एम-1 कोच के बाथरूम के ऊपर बनी फॉल्स सीलिंग में संदिग्ध पैकेट छिपाकर रखे गए हैं। सूचना मिलने के बाद जीआरपी ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई की तैयारी की।

वरिष्ठ अधिकारियों के मौके पर पहुंचने में संभावित देरी और संदिग्ध सामग्री को हटाए जाने की आशंका को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल तलाशी अभियान चलाया। ट्रेन के रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने पर एम-1 कोच की गहन जांच की गई। तलाशी के दौरान बाथरूम के ऊपर फॉल्स सीलिंग खुली हुई मिली। वहां से खाकी रंग के सेलो टेप में लिपटे 10 पैकेट बरामद किए गए। गवाहों की मौजूदगी में पैकेट खोलने पर उनमें सफेद पॉलीथीन में गांजा मिला।

narayana

जीआरपी ने बरामद गांजे को जब्त कर लिया है और अज्ञात तस्करों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ को ट्रेन में किस स्टेशन से रखा गया था और इसका गंतव्य क्या था। जीआरपी के पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल का कहना है कि रेलवे मार्ग के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H