वीरेन्द्र गहवई, बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के सीपत क्षेत्र में श्मशान घाट पर काला जादू करने का कथित मामला सामने आया है. बीती रात सीपत क्षेत्र के ग्राम देवरी स्थित मुक्तिधाम में 4 लड़के हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और 2 अन्य लोगों की तस्वीरें रखकर पूजा-पाठ कर रहे थे. गांव वालों को देर रात श्मशान घाट में संदिग्ध गतिविधि चलने को लेकर संदेह हुआ. काफी देर तक देखने के बाद ग्रामीण समूह में मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों को देखकर चारों भागने लगे. ग्रामीणों ने दौड़ाकर एक को पकड़ा. ग्रामीणों को मौके पर पूजा सामग्री, मरी हुई मछली, नीबू, नारियल, सिंदूर व एक जस्टिस और दो युवकों का फोटो मिला है.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में पुलिस ने युवक से पूछा कि ‘जज को ही मारना चाहते हो क्या’, लड़के ने जवाब दिया कि ‘मैं पढ़ा लिखा हूं ये सब काम नहीं करता’. बताया जा रहा है कि एक रिश्तेदार की जमानत के लिए याचिका दायर की गई है. उसी के लिए यह तांत्रिक पूजा की गई. हालांकि मामले की जांच जारी है.


पहले भी गांव में इस तरह के आ चुके हैं मामले
बता दें कि ग्राम देवरी स्थित श्मशान घाट में इससे पहले भी इस तरह का मामला सामने आ चुका है, जिससे लोगों में आक्रोश है. इधर पकड़े गए युवक से शुरुआती पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि पकड़ा गया युवक ऋषिकेश कुमार बिलासपुर के राजकिशोर नगर का रहने वाला है. उसने पहले श्मशान घाट में तंत्र-मंत्र करने की बात से इनकार किया. उसने पुलिस को बताया कि वह गांव में घूमने आया था और खुद को बिल्डर बताया.
रिश्तेदार की जमानत के लिए हो रही थी तांत्रिक क्रिया
पुलिस ने बताया कि ऋषिकेश सोशल मीडिया के जरिए एक कथित तांत्रिक के संपर्क में आया था. बताया जा रहा है कि उस तांत्रिक ने आरोपी के रिश्तेदारों से कहा था कि श्मशान घाट में तांत्रिक क्रिया करने से एक मामले में जेल में बंद उनके रिश्तेदार को जमानत मिल सकती है. पूछताछ में पुलिस को यह भी पता चला है कि युवक का रिश्तेदार प्रियांशु चाकूबाजी के केस में जेल में बंद है. जमानत के लिए उसकी हाईकोर्ट में याचिका लगी है. बताया गया कि चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर तंत्र साधना करने से उसे जमानत मिलने का दावा किया गया. इसके बाद चार लोग तंत्र साधना के लिए देवरी के श्मशान घाट पहुंचे थे. हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


