नरेश शर्मा, रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर के कोस्टा पारा इलाके में रील बनाने के दौरान 22 वर्षीय नवविवाहिता की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान विशाखा देवांगन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने घर में पंखे पर फंदा लगाकर रील बना रही थी। इसी दौरान उनका पैर फिसला और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस पहुंची और मौके से मृतका का मोबाइल फोन जब्त किया।

narayana

प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को मृतका के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है, जिसमें वह फंदे के साथ वीडियो रिकॉर्ड करती हुई दिखाई दे रही है। शुरुआती आशंका है कि महिला सोशल मीडिया के लिए रील बना रही थी और इसी दौरान यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत के वास्तविक कारणों का होगा खुलासा

मोबाइल फोन में मिले वीडियो, घटनास्थल की परिस्थितियों, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया कंटेंट और रील बनाने के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रायगढ़ की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष आना बाकी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m