गौरव जैन, गाैरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला के जोगीसार गांव में एक पागल कुत्ते के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कुत्ते ने अचानक राह चलते लोगों पर हमला कर दिया, जिससे बच्चे, युवा और बुजुर्ग सहित कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस घटना के बाद लोग घरों से बाहर निकलने में कतरा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शी रविंद्र मिश्रा ने बताया कि जब वे गांव में अपने काम से जा रहे थे, तभी अचानक कुत्ते ने उन पर और उनके मामा पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके मामा की आंख के पास गहरा जख्म आया है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, कुत्ता पूरी तरह पागल हो चुका है और बिना किसी उकसावे के सामने आने वाले हर राहगीर को अपना निशाना बना रहा है। घायलों में 3 बच्चे शामिल हैं, सभी का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

कुत्ते के काटने से घायल सभी 6 लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल के डॉ. प्रशांत रात्रे ने बताया कि जोगीसार गांव से कुत्ते के हमले से घायल कुल 6 मरीज आए हैं, जिनमें 3 बच्चे भी शामिल हैं। इनमें से गंभीर रूप से घायल 3 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर एंटी-रेबीज वैक्सीन (टीका) और जरूरी उपचार दिया जा रहा है। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
पागल कुत्ते को गांव से बाहर करने की मांग
इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और ग्राम पंचायत से मांग की है कि इस खतरनाक पागल कुत्ते को तत्काल पकड़कर गांव से दूर हटाया जाए, ताकि आगे कोई और बड़ी अनहोनी न हो सके।
कुत्ते के काटने पर तुरंत अस्पताल जाएं : डॉ. रात्रे
डॉ. प्रशांत रात्रे ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि कुत्ते के काटने पर बिना वक्त गंवाए घाव को तुरंत 15 मिनट तक साबुन और बहते पानी (रनिंग वॉटर) से अच्छी तरह धोएं। तुरंत अस्पताल जाएं, घरेलू नुस्खों के चक्कर में न पड़ें। तुरंत नजदीकी अस्पताल जाकर रेबीज का टीका लगवाएं। रेबीज के मामले में थोड़ी सी भी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

