अजीत पाटकर, कोरिया. बैकुंठपुर नगर पालिका क्षेत्र की सब्जी मंडी के बीचों-बीच स्थित एसएलआरएम सेंटर में कचरा प्रबंधन को लेकर लापरवाही सामने आई है. शहर से रोजाना इकट्ठा किया जाने वाला कचरा प्लांट के अंदर और बाउंड्री के बाहर खुले में फेंका जा रहा है. कई दिनों तक पड़े रहने के कारण कचरा सड़ रहा है और आसपास बदबू फैल रही है. खुले में फेंके गए कचरे के बीच घुमंतू गौवंशों के झुंड पहुंच रहे हैं और कचरा खा रहे हैं.

कचरा खाने से मवेशियों के बीमार होने का दावा

गौसेवकों का कहना है कि वेस्ट मटेरियल रिसाइक्लिंग प्लांट में कचरा खाने से मवेशियों को बार-बार फूड पॉइजनिंग की समस्या हो रही है. गौसेवक अनुराग दुबे ऐसे बीमार गौवंशों का इलाज भी कराते हैं. वहीं गौ सेवा आयोग के कोरिया जिला अध्यक्ष रेवा यादव ने नगर पालिका प्रशासन से गौवंशों के साथ हो रही इस लापरवाही को रोकने और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था दुरुस्त करने की अपील की है.

आदेश के बावजूद व्यवस्था पर सवाल

एक ओर शहर की सड़कों पर घुमंतू मवेशियों को व्यवस्थित स्थानों पर रखने को लेकर कलेक्टर कोरिया ने नगर पालिका प्रशासन को निर्देश दिए हैं. वहीं दूसरी ओर रिसाइक्लिंग प्लांट के आसपास खुले में कचरा फेंके जाने से व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. इससे न केवल गौवंशों के स्वास्थ्य पर असर पड़ने की बात कही जा रही है, बल्कि आसपास के वातावरण में भी दुर्गंध फैल रही है.

CMO ने जल्द व्यवस्था सुधारने का दिया आश्वासन 

मामले को लेकर बैकुंठपुर नगर पालिका परिषद के CMO तरुण एक्का ने जल्द ही व्यवस्था को दुरुस्त करने की बात कही है. अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन खुले में कचरा फेंके जाने और उससे गौवंशों को हो रही परेशानी को रोकने के लिए क्या कदम उठाता है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H