आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 133.3 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति जगदलपुर के गोयलबाड़ी तिराहा के पास अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी जगदीश चौधरी को पकड़ा।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बरामद पदार्थ को शिलाजीत बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने FSL किट से जांच कराई, जिसमें पदार्थ अफीम पाया गया। आरोपी मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है और जगदलपुर में किराए के मकान में रहकर नशे का कारोबार कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 66 हजार 500 रुपये कीमत की 133.3 ग्राम अफीम जब्त की है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 18(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बस्तर पुलिस ने साफ कहा है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
दुर्ग : कार के दरवाजे में गुप्त चेंबर बनाकर छिपाया था गांजा, दो गिरफ्तार
दुर्ग में भी पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने उड़ीसा से छत्तीसगढ़ में गांजा सप्लाई करने वाले और दुर्ग जिले में खपाने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 7 लाख 25 हजार रुपए का 14 .5 किलो गांजा जब्त किया है। आरोपियों ने गांजे को कार के दरवाजे में गुप्त चेंबर बनाकर छिपाया था, लेकिन गांजे की खुशबू ने पूरा राज खोल दिया।
कुम्हारी थाना पुलिस और एसीसीयू दुर्ग की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी ओडिशा से एक क्रेटा कार में अवैध गांजा परिवहन कर महासमुंद, रायपुर होते हुए दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में खपाने के लिए ला रहे हैं, जिसके बाद टीम ने कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर रायपुर की ओर से आ रही संदिग्ध क्रेटा कार को रोक लिया। टीम ने जब कार की जांच की, तो उसके अंदर से गांजे की तेज गंध आ रही थी। गंध आते ही पुलिस का शक यकीन में बदल गया। गाड़ी की बारीकी से तलाशी लेते हुए दरवाजों के फाइबर को हटाया गया, तो अंदर छिपे गांजे के पैकेट देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।

टीम ने मौके से कार सवार मुख्य तस्कर तीरथा ठेला (निवासी राजा खरियार, ओडिशा) को हिरासत में लिया। उससे कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने दुर्ग-भिलाई में गांजे के खरीदार किशन जगत (निवासी कुम्हारी) का नाम उगला, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खरीदार को भी धर दबोचा।
आरोपियों ने कबूल किया कि वे ओडिशा के कंधमाल क्षेत्र से सस्ते दामों में गांजा खरीदकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में महंगे दामों में अवैध बिक्री के लिए ला रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 14.5 किलो गांजा, क्रेटा कार, 22 हजार रुपये नगद और मोबाइल फोन जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कुम्हारी थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा गया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

