CG News : सुदीप उपाध्याय, बलरामपुर. बलरामपुर के गागर नदी में नहाने गए एक युवक के डूबने का मामला सामने आया है. युवक अपने दोस्तों के साथ गर्मी से राहत पाने नदी पहुंचा था, लेकिन नहाने के दौरान गहरे पानी में समा गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. शनिवार देर शाम तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका. रविवार सुबह एक बार फिर उसकी तलाश शुरू की गई है. घटना राजपुर थाना क्षेत्र की है.

गहरे पानी में डूबने के बाद लापता
जानकारी के अनुसार, शनिवार को कुछ युवक गागर नदी में नहाने पहुंचे थे. इसी दौरान एक युवक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसके साथियों ने मौके पर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई.

युवक की तलाश जारी
गोताखोरों ने शनिवार देर शाम तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका. अंधेरा होने के कारण अभियान रोक दिया गया था. रविवार सुबह फिर से गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुट गई है. मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं. वहीं परिजन और ग्रामीण भी नदी किनारे पहुंचे हुए हैं.

