CG Weather Today : रायपुर. छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिनों तक बारिश की तीव्रता में कमी आने के आसार हैं. इसके बाद फिर बादल बरसेंगे. प्रदेश में 11 अगस्त को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है. सोमवार को राजधानी 32.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा. शाम के वक्त हल्की बूंदाबांदी हुई.

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम ?

राजधानी रायपुर में मंगलवार को आकाश मेघमय रहने और वर्षा की संभावना जताई गई है. प्रदेश में सोमवार को कई जगहों पर 1 से 5 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई है. हालांकि राजधानी में वर्षा नहीं हुई. अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है.

रायपुर समेत विभिन्न जिलों में बारिश की संभावना

प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार सुबह बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बादल गरजने, आकाशीय बिजली, 30-40 किमी की रफ्तार से तेज हवा और वर्षा की संभावना मौसम विभाग ने जताई है. इन इलाकों में यलो अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम प्रणालियां

मौसम विभाग के अनुसार एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर मध्य प्रदेश और उसके आसपास स्थित है. मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर बीकानेर, दतिया, निम्न दाब का केंद्र, डालटेनगंज, दीघा और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक स्थित है तथा यह 1.5 कम ऊंचाई तक विस्तारित है. एक पश्चिमी विक्षोभ6 6 डिग्री पूर्व और 30 डिग्री उत्तर में स्थित है. एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पश्चिम बंगाल के खाड़ी और उसके आसपास स्थित है तथा यह 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. इसके प्रभाव से 12 अगस्त को एक निम्न दाब का क्षेत्र इसी स्थान पर बनने की संभावना है.

सोमवार को यहां हुई बारिश

प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश सोमवार को 5 सेमी भैरमगढ़, सुकमा और कुटरू में हुई. वहीं कुआकोंडा और गादीरास में 4 सेमी, जनकपुर भरतपुर, तखतपुर, करपावंड और बड़े बचेली में 3 सेमी पानी गिरा. गीदम, दंतेवाड़ा, खड़गांव, कटेकल्याण, अंतागढ़, सकरी, नानगुर और कोमाखान में 2-2 सेमी बारिश हुई. वहीं मुकडेगा, भोपालपटनम, धनोरा, कोटाडोल, छोटेडोंगर, सकोला, दुर्गकोंदल, भैसमा, बस्तर, हरदीबाजार, अंबागढ़ चौकी, बगीचा, कोंडागांव, कांसाबेल, भानुप्रतापपुर, उसूर, बारसूर, लाल बहादुर नगर, गंगालूर, बास्तानार और कुकदूर में 1-1 सेमी वर्षा दर्ज की गई.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H