CG Weather Today : रायपुर. छत्तीसगढ़ में फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. डीप डिप्रेशन सिस्टम के चलते बीते 3 दिनों से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है. मध्य इलाकों के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई है. प्रदेश में अबतक मौसमी (सब-डिवीजनल) वर्षा सामान्य बनी हुई है, जो सामान्य से 6 प्रतिशत कम है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकांश हुस्सों में बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं 31 जुलाई से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार बन रहे हैं.
बड़े बचेली में 19 तो रायपुर शहर में 15 सेमी बारिश दर्ज
मौसम विभाग के जारी आकंड़ों के मुताबिक, बड़े बचेली में 19 सेमी (सर्वाधिक), रायपुर शहर में 15 सेमी, कोमाखान, गरियाबंद में 14-14 सेमी, ओड़गी, बीजापुर में 13-13 सेमी, बागबाहरा, सुकमा, गोबरा नवापारा में 12-12 सेमी, मैनपुर, पिथौरा, लाभांडी, कुकरेल में 11-11 सेमी, छुरा, माना, रायपुर एयरपोर्ट, मगरलोड, रुधरी, बेलरगांव, नगरी में 10-10 सेमी, बसना, धमतरी, पलारी, गुरूर, रायपुर, बिहारपुर, गंगालूर, गुंडरदेही, कुरूद में 9-9 सेमी, बालोद, नरहरपुर, बास्तानार, छिंदगढ़, उसूर, सरायपाली, कोहकामेट में 8-8 सेमी बारिश दर्ज की गई है.
राजधानी में आज कैसा रहेगा मौसम ?
रायपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने पुर्वानुमान जारी किया है. इसके अनुसार शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई गई है. अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है. हालांकि सुबह के वक्त तेज धूप निकली हुई है.

गहरा अवदाब के कमजोर होने की संभावना
मौसम विभाग ने जानकारी दी कि मानसून द्रोणिका जैसलमेर से बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय बनी हुई है, जिससे प्रदेश में नमी और वर्षा की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं. वहीं गहरा अवदाब पश्चिम-मध्य छत्तीसगढ़ और उससे लगे विदर्भ और दक्षिण-पूर्व मध्यप्रदेश के ऊपर स्थित है. इसके अगले 12 घंटे में लगभग पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए और कमजोर होने की संभावना है. उसके बाद इसके पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए विदर्भऔर उससे लगे दक्षिण मध्यप्रदेश की ओर अगले 24 घंटे में अवदाब के रूप में परिवर्तित होने की संभावना है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


