CG Weather Update : रायपुर. छत्तीसगढ़ के मौसम में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है. अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है. इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश, बिजली गिरने और ओले गिरने के आसार हैं.

प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.0°C जगदलपुर में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.9°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया. प्रमुख वर्षा आंकड़ों में ओरछा और बड़े बचेली में 4-4 सेमी, छिंदगढ़ में 2 सेमी और गादीरास में 1 सेमी वर्षा दर्ज की गई.
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है. इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवर्ती परिसंचरण 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. इसके लगातार पूर्व की ओर आगे बढ़ते हुए अगले 24 घंटे में और अधिक कमजोर होने की संभावना है. वहीं एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण गंगेटिक पश्चिम बंगाल और उससे लगे उत्तर तटीय उड़ीसा के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. इसके अलावा एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से मराठवाड़ा तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है.
उन्होंने जानकारी दी कि वायुमंडल के निम्न स्तर पर प्रदेश के उत्तर से पूर्वी हवा और दक्षिण से दक्षिणी हवा के प्रभाव से एक वायु संगमन क्षेत्र बना हुआ है, साथ ही उपरोक्त मौसमी तंत्र के प्रभाव से काफी मात्रा में नमी आ रही है, जिसके कारण प्रदेश में अगले दो दिनों तक एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने के आसार हैं. वहीं सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में एक दो स्थानों पर ओला वृष्टि हो सकती है. प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. उत्तर छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर प्रारंभ हो सकता है.
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम ?
रायपुर शहर में 25 फरवरी को आसमान मुख्यतः साफ रहने के आसार हैं. वहीं तापमान 33°C और 19°C के आसपास रहने का अनुमान है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


