जैंतगढ़। चाईबासा के जैंतगढ़ और आसपास के इलाकों में शुक्रवार तड़के 4 बजे से शुरू हुई लगातार बारिश ने जनजीवन की रफ्तार रोक दी है। कई इलाकों में सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गई हैं, घरों और कॉलोनियों में जलजमाव हो गया है। वहीं, लगातार बारिश के बीच पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही।लगातार बारिश के कारण वैतरणी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। नदी का पानी बढ़ने से छठ घाट पूरी तरह डूब गए हैं, जबकि बाढ़ का पानी बाजार परिसर तक पहुंच गया है।
निचले इलाकों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। एहतियात के तौर पर लोग अपने जरूरी और कीमती सामान को सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहे हैं।
कई गांवों के घरों में घुसा पानी
भारी बारिश के बाद क्षेत्र के छोटे-बड़े नाले भी उफान पर हैं। नालों का पानी कादिकिदा, नालघर, छनपड़ा, पत्ता जैंत, जादूकोड़ा और नोड साही समेत कई गांवों के घरों में घुस गया है।
वहीं खेतों में भी पानी लबालब भर गया है। कई जगह एक खेत का पानी ओवरफ्लो होकर दूसरे खेत में बह रहा है। तालाबों का पानी खेतों में पहुंचने से मछलियां भी बाहर निकल आई हैं।
10 एकड़ का राजबांध भी ओवरफ्लो
क्षेत्र का करीब 10 एकड़ में फैला राजबांध भी लगातार बारिश के कारण ओवरफ्लो हो गया है। इसके आसपास के कई घरों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है।
सड़कों पर तालाब जैसा नजारा
जैंतगढ़, जगन्नाथपुर, नोवामुंडी और मझगांव मुख्य मार्ग पर कई जगहों पर पानी भर गया है। रेल नगरी डीपीएस कॉलोनी, मुख्य चौक और कई क्वार्टरों में भी पानी घुसने की खबर है।
जोड़ा, कालीमाटी और भद्रासाही क्षेत्र की सड़कें भी पानी में डूबी हुई हैं। वहीं जैंतगढ़ चांदनी चौक और चंपुआ स्टेडियम चौक के आसपास कई घरों में बारिश के पानी के साथ नालियों का गंदा पानी भी घुस गया है।

स्कूल परिसरों में भी भरा पानी
भारी बारिश का असर स्कूलों पर भी पड़ा है। क्षेत्र के दर्जनों स्कूल परिसरों में पानी भर गया, इसके बावजूद कई बच्चे घुटने तक पानी पार कर कक्षाओं तक पहुंचते नजर आए।
लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन और स्थानीय लोग हालात पर नजर बनाए हुए हैं।


