रांची। उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग धंसने से बड़ा हादसा हो गया है। हादसे में झारखंड के कई मजदूरों के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। घटना की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत की और श्रमिकों की स्थिति की जानकारी ली।
सीएम धामी ने हेमंत सोरेन को भरोसा दिलाया कि सुरंग में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। झारखंड सरकार भी उत्तराखंड प्रशासन के लगातार संपर्क में है।
झारखंड के 5 मजदूर घायल
हादसे में झारखंड के पांच मजदूरों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों की पहचान खेला राम, दीना बेंगरा, निस्तर भेंगरा, विनोद रायना और हबील गुड़िया के रूप में बताई गई है। सभी का इलाज चल रहा है।
हादसे में 5 लोगों की मौत की सूचना
वहीं, हादसे में पांच श्रमिकों की मौत की भी जानकारी सामने आई है। इनमें प्रदीप पंवार की पहचान चमोली निवासी के रूप में हुई है। अन्य मृतकों के नाम मुकेश, दुर्लभ शर्मा, विजय और जितेंद्र बताए गए हैं। हालांकि सभी मृतकों की आधिकारिक पहचान की पुष्टि का इंतजार है।

हेमंत सोरेन ने जताई चिंता
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन सुरंगों में इस तरह के हादसे और श्रमिकों के फंसने की घटनाएं बेहद दुखद हैं। सीएम ने विकास कार्यों के साथ प्रकृति और पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने की जरूरत पर भी जोर दिया।
परिजनों के लिए हेल्पलाइन जारी
झारखंड सरकार ने राज्य के लोगों से अपील की है कि यदि उनके परिजन या परिचित चमोली की परियोजना में काम कर रहे हैं, तो वे सरकार के कंट्रोल रूम से संपर्क करें।
हेल्पलाइन: 1800-3456-526
WhatsApp: 9470132591, 9431336472, 9431336427
फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। झारखंड सरकार उत्तराखंड प्रशासन के संपर्क में रहकर राज्य के श्रमिकों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


