अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार अस्पताल में महिला की हत्या और ट्रेनों में यात्रियों को गोली मारे जाने की घटनाओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारी पीयूष मोर्डिया ने बताया कि सोमवार सुबह चंदौली के एक आयुर्वेद अस्पताल सह मेडिकल कॉलेज में इलाजरत महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि एक अज्ञात युवक इलाज कराने के बहाने वार्ड में पहुंचा और महिला के सिर में गोली मार दी.

घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस के मुताबिक इस मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है. घटना के पीछे के कारणों और आरोपी के संबंधों की गहन जांच की जा रही है. वहीं दूसरी ओर, मुगलसराय क्षेत्र से गुजरने वाली ट्रेनों में गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाएं भी सामने आई हैं. इनमें यात्रियों को निशाना बनाकर गोली चलाई गई. एक मामले में जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए रेलवे पुलिस और चंदौली पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई है.

इसे भी पढ़ें : कानून गया तेल लेने! जम्मूतवी एक्सप्रेस में युवक की गोली मारकर हत्या, कांड के बाद आरोपी फरार, खाक छान रहे खाकी वाले?

टीम सभी मामलों के बीच किसी संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि तीनों घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं. पीयूष मोर्डिया ने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही कई अपुष्ट जानकारियों की भी जांच की जा रही है. पुलिस बिना ठोस साक्ष्य के किसी भी दावे की पुष्टि नहीं करेगी. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है.