अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. चंदौली जिले के सदर ब्लॉक अंतर्गत रामगढ़वा बरऊर गांव में सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. ग्रामीणों का आरोप है कि वे पिछले 25 वर्षों से सड़क की बदहाली झेल रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है. करीब 500 मीटर संपर्क मार्ग स्वीकृत होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव का रास्ता कच्चा होने के कारण बारिश के दौरान जलभराव और कीचड़ की समस्या पैदा हो जाती है. इससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है. सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ती है. कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना ग्रामीणों की मजबूरी बन गया है. कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर सांसद छोटे लाल खरवार और विधायक कैलाश आचार्य से भी गुहार लगा चुके हैं. इसके अलावा जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है.

इसे भी पढ़ें : मरम्मत पुल की, परेशानी जनता की! बहराइच-लखनऊ हाईवे पर रोज का सफर बना मुसीबत

अब ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है. उनका कहना है कि निर्धारित समय में सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे. ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सड़क नहीं बनी तो वे आगामी चुनाव में वोट नहीं देंगे. साथ ही गांव में आने वाले नेताओं का विरोध भी करेंगे.

ग्रामीणों के बयान

अंकित यादव, ग्रामीण: गांव के लोग करीब 25 वर्षों से सड़क की समस्या से परेशान हैं. कच्चे रास्ते पर जलभराव और कीचड़ के कारण बच्चों को स्कूल जाने तथा मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी कठिनाई होती है. संपर्क मार्ग स्वीकृत होने की बात कही गई, लेकिन अब तक निर्माण शुरू नहीं हुआ. प्रशासन को 15 दिन का समय दिया गया है. इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे.

इसे भी पढ़ें :

यशवंत यादव, ग्रामीण: सड़क की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. गांव के लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. अब ग्रामीण चुप नहीं बैठेंगे. सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो वोट नहीं देंगे और गांव में आने वाले नेताओं का विरोध करेंगे.