चंडीगढ़ के एयरपोर्ट रोड पर चलती BMW कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही कार से बम जैसे तेज धमाकों की आवाजें आने लगीं। हालांकि, ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही पलों में कार पूरी तरह आग का गोला बन गई, जिससे आसपास हड़कंप मच गया।

चंडीगढ़। चंडीगढ़ के एयरपोर्ट रोड पर चलती BMW कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही कार से बम जैसे तेज धमाकों की आवाजें आने लगीं। हालांकि, ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही पलों में कार पूरी तरह आग का गोला बन गई, जिससे आसपास हड़कंप मच गया।

टीडीआई के पास हुआ हादसा

यह घटना न्यू चंडीगढ़ से एयरपोर्ट रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर TDI City के पास दोपहर करीब 2:45 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सामान्य रूप से चल रही थी और उसमें केवल ड्राइवर ही सवार था।

अचानक कार से चिंगारी निकली, जिसके बाद धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में कार से तेज धमाकों की आवाजें आने लगीं।

फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। मोहाली के फेज-1 फायर स्टेशन से पहुंची टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस जांच में जुटी

चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार, जब तक टीम मौके पर पहुंची, कार पूरी तरह जल चुकी थी और उसकी नंबर प्लेट भी नष्ट हो गई थी। ऐसे में वाहन की पहचान फिलहाल इंजन नंबर के जरिए की जाएगी।

बताया जा रहा है कि कार मालिक सुरेंद्र सिंह है और वाहन मोहाली के पते पर रजिस्टर्ड है। ड्राइवर घटना के बाद मौके से चला गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

आग लगने की वजह अभी साफ नहीं

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग कार के इंजन से शुरू हुई थी, जिसके बाद धमाके होने लगे। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग मामले की गहन जांच कर रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m