Rajasthan News: राजस्थान के रावतभाटा शहर में आज रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। परमाणु बिजलीघर आवासीय कॉलोनी के ठीक बाहर स्थित एनटीसी मार्केट (NGT Market) में एक एसी-फ्रिज मैकेनिक की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि दुकान में रखे एसी कंप्रेसर बम की तरह फटने लगे, जिससे पूरे बाजार में दहशत फैल गई। धमाकों की आवाज सुनकर लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

वेल्डिंग के दौरान भड़की चिंगारी, धुएं से ढका आसमान
दरअसल, यह हादसा उस वक्त हुआ जब मार्केट की एक जूस दुकान पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। सूत्रों ने बताया कि वेल्डिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट की वजह से पास ही स्थित मैकेनिक की दुकान ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया। गौरतलब है कि सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर रवाना हुईं।
मलबे में बदली दुकान
मिली जानकारी के अनुसार, आग की तीव्रता को देखते हुए फायर ऑफिसर राजेश जयपाल दो दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग के दौरान एहतियातन ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया था। धमाकों के कारण मैकेनिक की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई है और अब वहां सिर्फ मलबा बचा है। आसपास के व्यापारियों की मुस्तैदी से आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।
बड़ा हादसा टला, व्यापारियों में दहशत
बता दें जिस जगह आग लगी वह परमाणु बिजलीघर की आवासीय कॉलोनी के बेहद करीब है। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो पूरे मार्केट में बड़ा नुकसान हो सकता था। पुलिस ने अब स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और ट्रैफिक को फिर से सुचारू रूप से शुरू करवा दिया गया है।
पढ़ें ये खबरें
- Rajasthan Nikay Chunav 2026: दूसरे चरण में ‘मिशन 86%’, कल 87 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान
- सर्पदंश मुआवजा घोटाला : आरोपी डॉक्टर प्रियंका सोनी को हाईकोर्ट से मिली स्थायी जमानत
- स्पा सेंटर में पुलिस की दबिश, आपत्तिजनक सामग्री बरामद, संचालक और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज
- दुकान की आड़ में ‘नशे का साम्राज्य’! बड़ा सौदागर गिरफ्तार, तलाशी में विदेशी करेंसी देख पुलिस के भी उड़े होश
- इनकम टैक्स अधिकारी और क्लर्क घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, NGO सर्टिफिकेट के नाम पर मांग रहे थे रिश्वत


