मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अब अयोध्या में राम मंदिर की दैनिक व्यवस्थाओं को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और मीडिया के साथ समन्वय को मजबूत करने के लिए बड़े कदम उठाने जा रहा है. राम मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, निर्माण कार्य की प्रगति और धार्मिक आयोजनों से जुड़ी सटीक व प्रामाणिक जानकारी समय पर देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से ट्रस्ट में जल्द ही एक आधिकारिक प्रवक्ता की नियुक्ति की जाएगी. इसके साथ ही मंदिर प्रशासन को प्रशासनिक रूप से अधिक कुशल बनाने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का अयोध्या में ही स्थायी प्रवास सुनिश्चित किया जा रहा है.
मंदिर ट्रस्ट के आधिकारिक प्रवक्ता की नियुक्ति को लेकर आगामी 2 दिसंबर को आयोजित होने वाली ट्रस्ट की उच्चस्तरीय बैठक में औपचारिक चर्चा और घोषणा की जाएगी.ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास ने इस विषय में जानकारी देते हुए बताया कि विश्व हिंदू परिषद (विहिप) से लंबे समय से जुड़े रहे और मीडिया प्रबंधन का गहरा अनुभव रखने वाले एक वरिष्ठ प्रतिनिधि का नाम प्रवक्ता पद के लिए प्रस्तावित किया गया है..अध्यक्ष की सहमति: दावों के अनुसार, राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने भी इस प्रस्तावित नाम पर अपनी पूर्ण सहमति जता दी है.एकमात्र दावेदार: महंत दिनेंद्र दास के मुताबिक, फिलहाल इस पद के लिए किसी अन्य नाम पर विचार नहीं किया जा रहा है.नियुक्ति का उद्देश्य: प्रवक्ता की मुख्य जिम्मेदारी मीडिया के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना होगी, ताकि मंदिर निर्माण से जुड़े तकनीकी अपडेट्स, आगामी धार्मिक आयोजनों और प्रशासनिक निर्णयों की सही व प्रामाणिक जानकारी बिना किसी भ्रम के श्रद्धालुओं और मीडिया तक पहुंच सके.
इसे भी पढ़ें : 14 कोसी परिक्रमा से पहले अयोध्या में बुलडोजर एक्शन, नजूल जमीन के मकान ध्वस्त
रामानंदी परंपरा से हो रहे धार्मिक अनुष्ठान
मंदिर में संचालित हो रही पूजा- पद्धति पर बात करते हुए महंत दिनेंद्र दास ने स्पष्ट किया कि रामलला की पूजा-अर्चना, सेवा-नियमावली और मंदिर के समस्त धार्मिक कार्य पूर्णतः रामानंदी संप्रदाय की सनातन परंपरा के अनुरूप ही संपन्न कराए जा रहे हैं. इसमें किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया गया है और आगे भी इसी मर्यादा का पालन होगा.
सीईओ जितेंद्र मिश्र करेंगे स्थायी प्रवास
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या और दैनिक प्रबंधन की चुनौतियों से निपटने के लिए ट्रस्ट ने प्रशासनिक स्तर पर भी बड़ा फैसला लिया है.. मंदिर ट्रस्ट के सीईओ जितेंद्र मिश्र आज अयोध्या पहुंच रहे हैं.ट्रस्ट की ओर से मंदिर परिसर के भीतर ही उनके रहने और कार्यालय का प्रबंध किया गया है, जहां वे स्थायी रूप से प्रवास करेंगे.सीईओ के अयोध्या में ही स्थायी रूप से रहने से मंदिर परिसर की दैनिक व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों, और श्रद्धालुओं की सहूलियतों की लगातार मॉनिटरिंग की जा सकेगी. सामने आने वाली किसी भी प्रशासनिक या व्यवस्थागत कमी का तत्काल समाधान निकाला जा सकेगा.इन नए बदलावों से स्पष्ट है कि राम मंदिर ट्रस्ट अब धार्मिक मर्यादाओं के पालन के साथ-साथ प्रशासनिक दक्षता और जनसंचार के मोर्चे पर भी नई और मजबूत व्यवस्था लागू करने जा रहा है.



