पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बीच हिंसा की घटनाएं लगातार जारी हैं. मुर्शिदाबाद, दक्षिण दिनाजपुर के बाद अब आसनसोल से भी हिंसा की खबर सामने आ रही है. खबर है कि, आसनसोल में भीड़ ने BJP प्रत्याशी अग्निमित्रा पॉल की कार पर हमला किया है. इस हमले में बीजेपी प्रत्याशी की कार के कांच टूट गए. अग्निमित्रा पॉल आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से बीजेपी की टिकट पर चुनावी मैदान में उतरी हुईं है. अग्निमित्रा पॉल की ओर से मामले में पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई गई है. सूचना मिलते ही मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल का एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें बीजेपी प्रत्याशी कार के सामने खड़ीं नजर आ रही हैं.

फैशन डिजाइनर से राजनीति में आईं अग्निमित्र पॉल

मालूम हो कि अग्निमित्र पॉल फैशन डिजाइनर से राजनीति में आईं. अग्निमित्रा पश्चिम बंगाल भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी हैं. आसनसोल दक्षिण सीट से उन्होंने पिछले चुनाव में भी जीत हासिल की थी, इस बार भी वो मैदान में हैं. इस बीच वोटिंग के दौरान उनकी कार पर हमले की घटना सामने आई.

इससे पहले गुरुवार को बंगाल में पहले चरण की वोटिंग के दौरान मुर्शिदाबाद और दक्षिण दिनाजपुर जिले से भी हिंसा की खबरें सामने आईं. मुर्शिदाबाद में टीएमसी समर्थकों की हुमायूं कबीर के साथ झड़प हुई. जबकि दक्षिण दिनाजपुर में भीड़ ने बीजेपी प्रत्याशी शुभेंदु सरकार पर हमला किया. हिंसा की सभी घटनाओं पर चुनाव आयोग ने संज्ञान लिया है और मामले में रिपोर्ट मांगी है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m