नई दिल्ली: दिल्ली के बलजीत नगर में गुरुवार को एक इमारत में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में इमारत से घना धुआं निकलने लगा और लपटें तेजी से फैलने लगीं। इस दौरान तीसरी मंजिल पर चार लोग फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने अपनी जान की परवाह किए बिना रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात है कि हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।

पीसीआर कॉल मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना पटेल नगर थाना क्षेत्र के हिल मार्ग की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को इमारत में आग लगने की सूचना को लेकर पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही पटेल नगर थाने की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। उस समय इमारत में आग तेजी से फैल रही थी और चार लोग तीसरी मंजिल पर फंसे हुए थे।

संकरी गलियों के कारण दमकल को पहुंचने में हुई दिक्कत

घटनास्थल की ओर जाने वाली गलियां काफी संकरी और भीड़भाड़ वाली थीं। इस वजह से दमकल की गाड़ियों को इमारत तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। आसपास की छतों और पड़ोसी मकानों से पानी की व्यवस्था कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, ताकि आग दूसरी इमारतों तक न फैल सके।

जान जोखिम में डालकर पुलिस ने किया रेस्क्यू

भारी धुएं और तेज लपटों के बीच पुलिसकर्मी इमारत के अंदर दाखिल हुए और तीसरी मंजिल पर फंसे चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद आग पर काबू पाने के प्रयास तेज किए गए। पुलिस के अनुसार, आग में घर के अंदर रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। आग आखिर किन परिस्थितियों में लगी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m