छपरा। बिहार के सारण के इसुआपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग लड़की के साथ हैवानियत की गई। पीड़िता जब बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रही थी, उसी दौरान आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में छपरा जेल भेज दिया है।
बाजार से लौटते वक्त तीन युवकों ने घेरा
दर्ज प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, घटना मंगलवार की शाम लगभग 5:00 बजे की है। पीड़िता स्थानीय बाजार से कुछ सामान खरीदकर पैदल ही अपने घर वापस जा रही थी। जैसे ही वह गांव के समीप बरगद के पेड़ के पास पहुंची, पहले से घात लगाकर बैठे तीन युवकों ने उसे जबरन पकड़ लिया। पीड़िता के आरोप के मुताबिक, उनमें से दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि तीसरा युवक वारदात के दौरान मौके पर मौजूद रहकर पहरा दे रहा था। घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद परिजन तुरंत पुलिस के पास पहुंचे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोचा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीपीओ-2 (SDPO-2) मढ़ौरा, संजय कुमार सुधांशु के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर घटना में शामिल तीनों नामजद आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार महतो, ओमप्रकाश महतो और अनूप कुमार प्रसाद के रूप में हुई है। इस सफल छापेमारी दल में इसुआपुर के थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष अंकित कुमार ओझा और अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे।
BNSS 183 के तहत बयान दर्ज
पुलिस ने मामले में कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पीड़िता का आधिकारिक बयान दर्ज कराने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 183 के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण और इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाकर मामले में आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है, ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।

