पंकज श्रीवास्तव /छपरा। सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव में दो पक्षों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला पुलिसकर्मी समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल पुलिसकर्मियों में तरैया थाने में तैनात महिला पुलिसकर्मी किरण कुमारी के अलावा चुनचुन कुमार, प्रवीण कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि महिला पुलिसकर्मी के कंधे में गंभीर चोट आई है। घटना में दूसरे पक्ष के बिंदु देवी, मुकेश्वरी देवी, नितेश कुमार और विकास कुमार के भी घायल होने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार, संग्रामपुर गांव में दो पक्षों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान मारपीट की सूचना मिलने पर तरैया थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी दोनों पक्षों को समझाकर मामले को शांत कराने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

हमले में पांच पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। वहीं, घटना में घायल सभी लोगों का प्राथमिक उपचार रेफरल अस्पताल तरैया में कराया गया है।

मामले को लेकर तरैया थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने बताया कि घायल पुलिसकर्मी के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों की पहचान की जा रही है। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।