चरखी दादरी। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से चलाया जा रहा विशेष अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे से शुरू हुई कार्रवाई शाम करीब 7 बजे तक चली। महेंद्रगढ़ चुंगी के पास प्रस्तावित ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में बने अवैध मकानों और अन्य निर्माणों को जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान कई परिवारों के आशियाने टूट गए। अपने घरों को गिरते देख महिलाओं और बच्चों की आंखों से आंसू छलक पड़े। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार एक महिला सदमे के कारण बेहोश होकर गिर पड़ी, जिसे परिजनों ने संभाला। प्रभावित लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें न तो कोई नोटिस मिला और न ही कार्रवाई से पहले सरकार की ओर से कोई स्पष्ट आदेश दिखाया गया। कुछ महिलाओं ने स्थानीय विधायक पर भी आरोप लगाए।
वहीं प्रशासन का कहना है कि ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कब्जे होने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। इसलिए नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान लोगों ने अपने घरों से सामान निकालने की कोशिश की, हालांकि कई जगहों पर सामान भी मलबे में दब गया और क्षतिग्रस्त हो गया।
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रही। मौके पर सिंचाई विभाग के एसडीओ अमित कुमार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद रहे। नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अभियान की निगरानी की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि, ग्रीन बेल्ट और विकास कार्यों में बाधा बने अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और जहां भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण मिलेगा, वहां नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।
- सोनम वांगचुक के अनशन पर यूपी मंत्री संजय निषाद का बड़ा बयान, बोले- ‘विपक्ष समर्थन नहीं, उन्हें मरवाने की कोशिश कर रहा’
- दिल्ली पुलिस में बड़ा फेरबदल, कमिश्नर सतीश गोलचा हटाए गए; अनुराग कुमार बने नए पुलिस आयुक्त
- बारिश में बार-बार पड़ जाते हैं बीमार? डाइट में शामिल करें ये विटामिन C से भरपूर फूड्स
- केन-बेतवा लिंक परियोजना मुआवजे में करोड़ों का घपला: नागार्जुन कंपनी से BJP के रिश्तों पर नेता प्रतिपक्ष का हमला
- ‘PK हो या कोई और…’, बांकीपुर उपचुनाव पर डिप्टी CM का बड़ा बयान, तेजस्वी को भी लपेटा

