चरखी दादरी। चरखी दादरी में सिटी थाना के सामने हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस विभाग ने 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, सभी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी क्विक रेस्पॉन्स टीम (QRT) में लगी हुई थी।
वहीं, अस्पताल सूत्रों के अनुसार फायरिंग की इस वारदात में घायल हुए सभी 7 लोगों के शरीर से करीब 20 गोलियां निकाली गई हैं। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मुठभेड़ में मुख्य आरोपी रोहित कातिया गिरफ्तार
शुक्रवार दोपहर पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी रोहित कातिया को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। यह मुठभेड़ चरखी दादरी के बोंद क्षेत्र में हुई। पुलिस ने इसके अलावा वारदात में शामिल बताए जा रहे साहूवास निवासी प्रीत और भिवानी के सांगा गांव निवासी युद्धविंद्र को भी गिरफ्तार किया है।
चार एकड़ जमीन को लेकर हुआ विवाद
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फायरिंग की पूरी वारदात के पीछे चार एकड़ जमीन का विवाद है। इस मामले में बाढ़डा थाने में पहले से केस दर्ज बताया जा रहा है। विवाद में अमित फतेहगढ़िया का नाम प्रमुख रूप से सामने आया है।
‘हम अमित को मारने आए थे’—रोहित कातिया का वीडियो वायरल
इस बीच मुख्य आरोपी रोहित कातिया का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में वह कुछ सवालों के जवाब देता नजर आ रहा है। इसमें वह कथित तौर पर कह रहा है कि “हम अमित को मारने आए थे।” वीडियो में वह यह भी बताता नजर आ रहा है कि पूरी प्लानिंग दादरी के साहूवास में की गई थी।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो पुलिस पूछताछ के दौरान का है, हालांकि पुलिस ने अभी तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग की पूरी साजिश और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


