चरखी दादरी में कार सवार युवक पर डंडों और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को दबोच लिया है। सभी आरोपियों को रिमांड पर लिया गया है।

पुष्पेंद्र कुमार, चरखी दादरी। अपराध शाखा ने गांव काकड़ोली हुक्मी निवासी एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, रविवार रात थाना बाढड़ा को सूचना मिली थी कि विकास उर्फ पड़वा नाम का युवक झगड़े में घायल होकर अस्पताल में भर्ती है। विकास की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपी से नागरिक अस्पताल चरखी दादरी रेफर किया गया। मेडिकल रिपोर्ट में विकास के शरीर पर कुल 13 चोटें दर्ज की गई थीं। इस मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कीं, जिसके बाद सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानलेवा हमले की पूरी घटना

घायल विकास उर्फ पड़वा ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों राहुल, तनुज और सोनू के साथ कार में गांव लौट रहा था। रास्ते में गुगामेड़ी मंदिर के पास, एक कैंपर गाड़ी ने उनकी कार को टक्कर मार दी। गाड़ी से उतरे दिनेश, सुरेन्द्र, अनुज, महेश और 3-4 अन्य व्यक्तियों ने लकड़ी के डंडों, लोहे की पाइपों और कुल्हाड़ी से विकास पर हमला कर दिया। आरोपियों ने विकास के हाथ-पैर तोड़ दिए और उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। विकास की शिकायत पर थाना बाढड़ा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घटना के साक्ष्यों को जुटाकर आरोपियों की पहचान की।

आरोपियों को मिला पुलिस रिमांड

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा चरखी दादरी के प्रभारी कप्तान सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने मंगलवार को सात आरोपियों—दिनेश, सुरेन्द्र, महेश, अनुज, वरुण, हर्ष और गौरव को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस ने इन सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए 01 दिन का पुलिस रिमांड लिया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान हमले में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी की जाएगी और वारदात के पीछे की असली वजह का पता लगाया जाएगा। क्षेत्र में इस घटना के बाद से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन पुलिस का दावा है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।