Technology Desk : Instagram पर इन दिनों एक नया AI फोटो ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। Ghibli Studio और Nano Banana के बाद अब ChatGPT 80s Photo Trend लोगों को पसंद आ रहा है। इस ट्रेंड में लोग अपनी सामान्य फोटो को 1980 के दशक की पुरानी रेट्रो तस्वीर में बदल रहे हैं।

इस ट्रेंड को Instagram पर #80strend के नाम से शेयर किया जा रहा है। लोग अपनी फोटो ChatGPT में अपलोड कर एक खास प्रॉम्प्ट देते हैं। इसके बाद AI उसी फोटो को 80s के फैशन और पुराने कैमरे वाली तस्वीर के अंदाज में बदल देता है।
कैसे बन रही है 80s स्टाइल फोटो?
इस ट्रेंड में सबसे पहले ChatGPT में अपनी साफ और अच्छी क्वालिटी वाली फोटो अपलोड करनी होती है। इसके बाद प्रॉम्प्ट में 1980 के दशक का लुक बताना होता है। प्रॉम्प्ट में कपड़े, हेयरस्टाइल, लाइटिंग और बैकग्राउंड जैसी चीजों का जिक्र किया जा सकता है। AI चेहरे की पहचान और मुख्य फीचर्स को बनाए रखते हुए फोटो का पूरा लुक बदल देता है।
फोटो में वॉल्यूम वाले बाल, शोल्डर पैड, जींस जैकेट, चमकीले रंग और पुराने जमाने की ज्वेलरी जैसी चीजें जोड़ी जा सकती हैं। इसके अलावा फिल्म ग्रेन, हल्के फीके रंग और एनालॉग कैमरे जैसा इफेक्ट तस्वीर को पुराना लुक देता है। भारतीय यूजर्स इस ट्रेंड में 80s के बॉलीवुड स्टाइल का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। इसमें साड़ी, शेरवानी और पुराने स्टूडियो पोर्ट्रेट जैसे लुक काफी पसंद किए जा रहे हैं।
Instagram पर ऐसे वायरल हो रहा ट्रेंड
यूजर्स अपनी AI से बनाई गई तस्वीरों को Instagram Stories और ‘Add Yours’ स्टिकर के जरिए शेयर कर रहे हैं। कई लोग फोटो के साथ “Chat, how would I look in the 80s?” जैसे कैप्शन भी लिख रहे हैं।
Ghibli Trend से कितना अलग?
यह ट्रेंड पहले वायरल हुए Ghibli Trend से काफी अलग है। Ghibli ट्रेंड में तस्वीर को जापानी एनीमे जैसी आर्ट स्टाइल में बदला जाता था। इसमें कार्टून जैसे फीचर्स, सॉफ्ट कलर्स और सपनों जैसा बैकग्राउंड दिखाई देता था। वहीं 80s ट्रेंड में फोटो को कार्टून या एनीमे नहीं बनाया जाता। इसका मकसद तस्वीर को ऐसी दिखाना है, जैसे वह वास्तव में 1980 के दशक में कैमरे से खींची गई हो।
Nano Banana Trend से भी अलग
Nano Banana ट्रेंड में ग्लैमरस, सिनेमैटिक और रंगीन तस्वीरें ज्यादा देखने को मिली थीं। वहीं 80s Photo Trend में पुराने कैमरे की फील और रियलिस्टिक लुक पर ज्यादा जोर दिया जाता है। यानी Ghibli ट्रेंड जहां एनीमेशन जैसा लुक देता है और Nano Banana ट्रेंड ज्यादा ग्लैमरस नजर आता है, वहीं 80s ट्रेंड आपकी फोटो को पुराने दौर की असली तस्वीर जैसा बनाने की कोशिश करता है। अगर आपके पास भी कोई अच्छी सेल्फी है, तो आप उसे 80s स्टाइल में बदलकर इस वायरल ट्रेंड का हिस्सा बन सकते हैं।



