प्रतापपुर (चतरा)। चतरा विधायक जनार्दन पासवान का मोबाइल फोन हैक होने के बाद साइबर अपराधियों ने उनके WhatsApp संपर्कों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। हैकर विधायक के WhatsApp में सेव नंबरों पर अलग-अलग बहाने से मैसेज भेजकर पैसों की मांग कर रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक ने क्षेत्र के लोगों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों और परिचितों को सतर्क रहने की अपील की है।
विधायक के नाम पर भेजे जा रहे मैसेज
विधायक जनार्दन पासवान ने बताया कि उनका मोबाइल हैक हो गया है और साइबर अपराधी उनके WhatsApp संपर्कों को मैसेज कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनके नाम या नंबर से पैसे भेजने, आर्थिक मदद करने अथवा किसी वित्तीय लेन-देन से संबंधित कोई संदेश आता है तो उस पर भरोसा न करें और किसी भी स्थिति में राशि न भेजें।
संदिग्ध मैसेज आए तो सीधे करें संपर्क
विधायक ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि साइबर अपराधी अक्सर परिचित व्यक्ति के मोबाइल नंबर या WhatsApp अकाउंट का इस्तेमाल कर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश करते हैं। ऐसे में केवल WhatsApp पर मिले किसी संदेश के आधार पर आर्थिक फैसला नहीं लेना चाहिए।
उन्होंने अपील की कि उनके नंबर से कोई संदिग्ध संदेश मिलने पर सीधे फोन कर विधायक या उनके विश्वस्त लोगों से इसकी पुष्टि करें। साथ ही संदिग्ध मैसेज का जवाब नहीं देने और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी गई है।
साइबर ठगी से बचने सावधानी जरूरी
विधायक ने कहा कि साइबर अपराधियों के झांसे में आने से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहना जरूरी है। खासकर जब किसी परिचित के नंबर से अचानक पैसों की मांग की जाए, तो बिना पुष्टि किए किसी भी तरह का भुगतान नहीं करना चाहिए।घटना के बाद विधायक के संपर्कों और समर्थकों को विशेष रूप से अलर्ट किया गया है।


