सुनील उपाध्याय, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से महिलाओं के खिलाफ अपराध का एक और मामला सामने आया है। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गढ़ा में एक 26 वर्षीय महिला के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद हरकत में आई पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

परिवार के लोगों पर मारपीट का आरोप 

जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला उमा प्रजापति ने अपने पति लखन प्रजापति के साथ बमीठा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ तौर पर कुछ लोग एक महिला के साथ मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। पीड़िता उमा प्रजापति ने अपने ही परिवार के कुछ सदस्यों पर उनके साथ मारपीट करने और प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला 

वायरल वीडियो और पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बमीठा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 352 और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और घटना के पीछे की असल वजह का पता लगाने में जुटी हुई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m