राकेश चतुर्वेदी, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से शिक्षा के मंदिर को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भगवां थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में मात्र 5 साल के मासूम छात्र के साथ शिक्षक द्वारा बर्बरतापूर्वक मारपीट की गई। आरोप है कि बैग न लाने जैसी छोटी सी बात पर शिक्षक ने बच्चे को जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी जांघ के पास से पैर की हड्डी टूट गई। पुलिस ने पीड़ित परिजनों की शिकायत पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मड़ीखेड़ा निवासी 5 वर्षीय मासूम छात्र नीरज लोधी, गांव के ही ‘ॐ सरस्वती ज्ञान मंदिर’ स्कूल में कक्षा-1 का छात्र है। बीते 23 सितंबर (बुधवार) को स्कूल संचालक और वाहन चालक रविंद्र शुक्ला मासूम नीरज को स्कूल ले गए थे। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में नीरज के बैग न लाने पर शिक्षक रविंद्र शुक्ला आपा खो बैठे और उन्होंने मासूम के साथ निर्दयता से मारपीट करते हुए उसे उठाकर जमीन पर पटक दिया। इस दर्दनाक हमले में बच्चे की जांघ के पास से पैर की हड्डी टूट गई।
मासूम के पैर में डालनी पड़ी रॉड
घटना के बाद आरोपी शिक्षक मासूम को उसके घर छोड़ गया और परिजनों से झूठा वादा किया कि वह इलाज का पूरा खर्च उठाएगा। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों को ऑपरेशन कर बच्चे के पैर में रॉड डालनी पड़ी। जब मासूम के परिजनों ने इलाज में आए खर्च के पैसे मांगे, तो आरोपी शिक्षक अपने वादे से साफ मुकर गया और धमकी देने लगा।
भगवां थाने में FIR दर्ज
आरोपी के मुकरने के बाद पीड़ित परिजनों ने तुरंत भगवां थाने पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई। परिजनों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए भगवां थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक रविंद्र शुक्ला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मासूम बच्चे को मेडिकल परीक्षण और एक्स-रे के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


