राकेश चतुर्वेदी, छतरपुर। त्योहारी सीजन के शुरू होते ही भारतीय रेलवे में यात्रियों की भारी भीड़ और सुविधाओं की कमी के चलते फिर बड़े विवाद सामने आने लगे हैं। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले स्थित हरपालपुर रेलवे स्टेशन पर यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सीट को लेकर यात्रियों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और मारपीट हो गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन में पहले से ही क्षमता से बहुत अधिक भीड़ थी। जैसे ही यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस हरपालपुर स्टेशन पर आकर रुकी, कोच में चढ़ने और सीट पर कब्जा जमाने के लिए यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान सीट पर बैठने को लेकर दो यात्रियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प और हाथापाई में बदल गई।

सांस लेने तक की नहीं थी जगह

ट्रेन की स्थिति इतनी बदतर थी कि जनरल डिब्बे में खड़े होने और सांस लेने तक की जगह नहीं मिल रही थी। यात्रियों का आरोप है कि त्योहारी सीजन की वजह से ट्रेनों में मुसाफिरों की संख्या कई गुना बढ़ गई है, लेकिन रेलवे प्रशासन की ओर से अतिरिक्त बोगियां नहीं बढ़ाई गई हैं, जिससे इस तरह के हालात पैदा हो रहे हैं।

RPF ने बीच-बचाव कर संभाला मामला

हंगामा और मारपीट बढ़ते देख स्टेशन पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। RPF जवानों ने काफी मशक्कत के बाद यात्रियों को अलग-अलग किया और मामला शांत कराया।  

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m