राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में पिछले 40 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश अब जनजीवन के लिए आफत बन गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी 3 दिनों के ऑरेंज अलर्ट के बीच जिले भर में नदी-नाले उफान पर हैं और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश का असर आम ग्रामीण से लेकर शहर के इलाकों और विदेशी पर्यटकों तक देखने को मिल रहा है।
नारायणपुरा रोड पर ढहा कच्चा मकान, परिवार बेघर
लगातार हो रही बारिश के कारण कोतवाली थाना क्षेत्र के नारायणपुरा रोड इलाके में एक गरीब परिवार का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर में मौजूद निक्की नाम की महिला मामूली रूप से घायल हो गई, जबकि छोटे-छोटे बच्चे बाल-बाल बच गए। मकान जमींदोज होने से पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। तेज बारिश के बीच सिर छुपाने की जगह न होने से पीड़ित परिवार के सामने भारी संकट खड़ा हो गया है।

नदियां उफान पर, पुल डूबे, खजुराहो में फंसी सैलानियों की बस
वहीं, दूसरी ओर भारी बारिश के कारण छतरपुर-लवकुशनगर मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। उर्मिल नदी के उफान पर होने से पानी पुल के ऊपर से बह रहा है, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। स्थिति की गभीरता को देखते हुए रनगुआ डैम के 7 गेट खोल दिए गए हैं और निचले इलाकों में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। ऐतिहासिक पर्यटन स्थल खजुराहो में घूमने आए विदेशी पर्यटकों की बस भी जलभराव के कारण रास्ते में फंस गई, जिससे सैलानियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


