रामकुमार यादव, अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कांग्रेस नेता गुरुप्रीत सिंह सिद्धू पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. शनिवार रात करीब 15 से 20 बदमाशों ने कांग्रेस नेता के घर में घुसकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है. घटना के पीछे पुरानी राजनीतिक रंजिश का एंगल भी सामने आ रहा है. फिलहाल हमले की वजह और आरोपियों की पहचान की पुलिस जांच कर रही है.

मामला मणिपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा इलाके का है. पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के करीबी माने जाने वाले कांग्रेस नेता गुरुप्रीत सिंह सिद्धू के घर में शनिवार की देर रात हथियारों से लैस बदमाश घुस गए. इनकी संख्या करीब 15 से 20 बताई जा रही है. हमले में कांग्रेस नेता के आंख में गंभीर चोटें आई हैं. घटना के बाद उन्हें इलाज के अस्पताल लाया गया है. 

भाजपा नेता पर हमला कराने का गंभीर आरोप

कांग्रेस नेता गुरुप्रीत सिंह सिद्धू ने हमले के पीछे भाजपा नेता प्रकाश साहू का हाथ होने का आरोप लगाया है. सिद्धू का कहना है कि पुरानी राजनीतिक रंजिश के चलते उनके खिलाफ हमला करवाया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर भाजपा नेता के खिलाफ किए जा रहे पोस्ट को लेकर उनके ऊपर शक जताया जा रहा था. इसी वजह से शनिवार को भाजपा नेता के समर्थक उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. हमलावर घर के अंदर भी घुसे और वहां भी हमला किया. सिद्धू ने बताया कि उन्होंने पूर्व में ही आईजी को अपनी जान को खतरा होने की सूचना दी थी. उनका आरोप है कि इससे पहले भी उनके खिलाफ फर्जी एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की. 

कांग्रेस नेता के आरोप बेबुनियाद : प्रकाश साहू

भाजपा नेता प्रकाश साहू ने कांग्रेस नेता के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खुद को फंसाने की कोशिश करार दिया है. साहू का कहना है कि घटना के दौरान वह अपने घर पर थे और जिन लोगों ने वारदात को अंजाम दिया है, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने दावा किया कि सिद्धू उनसे पुरानी राजनीतिक रंजिश रखते हैं. उन्होंने पहले ही आईजी को आवेदन देकर आशंका जताई थी कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा सकता है. उनका आरोप है कि अब भी इसी तरह की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि वार्ड चुनाव में भाजपा की जीत से नाराज होकर उनके खिलाफ इस तरह का प्रोपेगेंडा किया जा रहा है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H