राम कुमार यादव, अंबिकापुर. सरगुजा के लखनपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. चचेरे भाई ने मामूली विवाद के बाद युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद आरोपी घायल युवक को खुद अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन इलाज कराने का भरोसा देकर वहां से फरार हो गया. बाद में युवक को अंबिकापुर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया.
जानकारी के अनुसार, ग्राम तिरकेला (ठेपापारा) निवासी कामेश्वर मझवार की 26 जून को अपने चचेरे भाई फुटकू मझवार से जमीन और घर बनाने की बात को लेकर विवाद हो गया था. विवाद के दौरान आरोपी ने कामेश्वर की लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. बाद में आरोपी उसे एंबुलेंस से लखनपुर अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन इलाज कराने का कहकर वहां से फरार हो गया. हालत बिगड़ने पर कामेश्वर को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां 27 जून को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

मृतक के चचेरे भाई धुंधुराम मझवार की शिकायत पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण चोटें पाए जाने और गवाहों के बयान के आधार पर लखनपुर थाना पुलिस ने आरोपी फुटकू मझवार (40 वर्ष) के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया. पूछताछ में आरोपी ने जमीन विवाद में गुस्से में आकर मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

