सुदीप उपाध्याय, बलरामपुर। जिले के रघुनाथनगर स्थित आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के व्यायाम टीचर संदीप गुप्ता पर छात्रा को मोबाइल पर कथित आपत्तिजनक मैसेज भेजने का गंभीर आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद विद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया। छात्रा के परिजनों ने स्कूल पहुंचकर शिक्षक की कथित हरकतों का विरोध किया। परिजनों का आरोप है कि विरोध और समझाइश के बावजूद शिक्षक की ओर से छात्रा को मैसेज भेजना बंद नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक, मामले की जानकारी मिलने पर छात्रा के परिजन स्कूल पहुंचे और शिक्षक से बातचीत कर मामले को समझाइश के जरिए सुलझाने का प्रयास किया। इसके बावजूद कथित तौर पर मैसेज आने का सिलसिला जारी रहा। छात्रा के भाई ने भी स्कूल पहुंचकर शिक्षक से बातचीत करने की कोशिश की लेकिन इस बार मामला गर्मा गया। आरोप है कि बातचीत के दौरान शिक्षक ने हाई स्कूल के कुछ छात्रों को बुला लिया और युवक के साथ ग्राउंड में उसके साथ मारपीट की। लोहे की रॉड भी हमला करने पर उसे काफी चोटें आईं.

शिक्षक के खिलाफ FIR दर्ज
घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। दो अलग-अलग शिकायत पर रघुनाथनगर पुलिस ने पॉक्सो और मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस छात्रा को भेजे गए कथित मैसेज, मारपीट की घटना और इससे जुड़े अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल मामले में सामने आए आरोपों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


