सुप्रिया पांडेय, रायपुर।  छत्तीसगढ़ में BJP और कांग्रेस के बीच एक बार फिर सियासी तकरार तेज हो गई है। BJP छत्तीसगढ़ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर जारी कर कांग्रेस पर जातिगत भेदभाव का आरोप लगाया है। पोस्टर में कांग्रेस नेताओं को अलग-अलग कप में चाय परोसते हुए दिखाया गया है। इसे लेकर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने BJP पर पलटवार किया है।

BJP के पोस्टर में ‘जातिवाद की चाय’

BJP छत्तीसगढ़ की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्टर में कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय ‘राजीव भवन’ के सामने एक चाय की टपरी दिखाई गई है। इसका नाम ‘जातिवाद की चाय’ रखा गया है। पोस्टर पर लिखा है- ‘यहां वादा नहीं, भेदभाव मिलता है!’

पोस्टर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘इटली की केतली’ से चाय परोसते हुए दिखाया गया है। इसमें कांग्रेस के तीन नेताओं को अलग-अलग कप दिए गए हैं।

शिव डहरिया के लिए प्लास्टिक का कप, भूपेश बघेल के लिए कागज का कप और टी.एस. सिंहदेव (बाबा) के लिए कांच का कप दिखाया गया है। पोस्टर में ‘वोट की चीनी’ के साथ स्पेशल लिस्ट में ‘जातिवाद वाली चाय’, ‘पद वाली चाय’ और ‘परिवार वाली चाय’ जैसे तंज भी शामिल हैं।

BJP ने लिखा- हैसियत देखकर बदलते हैं कप और व्यवहार

पोस्टर के साथ BJP ने लिखा- “चाय एक ही है, लेकिन कांग्रेस में कप और व्यवहार आज भी हैसियत देखकर बदलते हैं।”

भाजपा ने इस पोस्टर के जरिए कांग्रेस पर नेताओं के साथ उनकी कथित हैसियत के आधार पर अलग-अलग व्यवहार करने का आरोप लगाया है।

धनेंद्र साहू बोले- कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई BJP

BJP के पोस्टर पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि BJP को कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता देखकर घबराहट हो रही है। धनेंद्र साहू ने कहा, “BJP को कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता देखकर घबराहट हो रही है। कुछ भी ऊलजलूल आरोप लगाने से नहीं चूक रहे हैं।”

उन्होंने BJP और RSS पर भी निशाना साधते हुए कहा, “घोर जातिवादी तो RSS और BJP है। धनेंद्र साहू ने BJP को दूसरों को नसीहत देना बंद करने की बात भी कही।

पोस्टर से फिर आमने-सामने BJP-कांग्रेस

‘जातिवाद की चाय’ वाले पोस्टर के सामने आने के बाद प्रदेश में BJP और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा जहां पोस्टर के जरिए कांग्रेस पर निशाना साध रही है, वहीं कांग्रेस इसे भाजपा की राजनीतिक घबराहट बता रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H