सुप्रिया पांडेय, रायपुर। चंदखुरी में 51 फीट ऊंची श्रीराम प्रतिमा की स्थापना को लेकर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बड़ा अपडेट दिया है। मंत्री ने कहा है कि बारिश के कारण प्रतिमा रखे जाने वाले स्थान पर काफी पानी और कीचड़ है, जिसके चलते गाड़ी वहां तक नहीं पहुंच पा रही है। वहीं प्रतिमा की स्थापना की तारीख अभी तय नहीं हुई है। मंत्री के मुताबिक, मंदिर समिति के लोग ही स्थापना की तारीख तय करेंगे।

दरअसल, भगवान श्रीराम की ननिहाल और माता कौशल्या की नगरी के रूप में प्रसिद्ध चंदखुरी में 51 फीट ऊंची श्रीराम प्रतिमा की स्थापना का श्रद्धालुओं को लंबे समय से इंतजार है। प्रतिमा को छत्तीसगढ़ आए करीब 8 महीने हो चुके हैं, लेकिन अब तक इसे चंदखुरी में स्थापित नहीं किया जा सका है।

बारिश के कारण रास्ता बना बड़ी चुनौती

मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि जिस जगह प्रतिमा रखी गई है, वहां बारिश के बाद पानी और कीचड़ की स्थिति बन गई है। इसी वजह से प्रतिमा तक गाड़ी पहुंचाना मुश्किल हो रहा है।

ऐसे में प्रतिमा को वहां से निकालकर चंदखुरी ले जाने की प्रक्रिया फिलहाल आगे नहीं बढ़ पा रही है। मौसम साफ होने और रास्ता ठीक होने के बाद ही प्रतिमा को वहां से ले जाने का काम संभव हो सकेगा।

फरवरी में ग्वालियर से छत्तीसगढ़ लाई गई थी प्रतिमा

51 फीट ऊंची श्रीराम की प्रतिमा फरवरी 2026 में ग्वालियर से छत्तीसगढ़ लाई गई थी। इसे चंदखुरी में भव्य रूप से स्थापित करने की योजना थी। प्रतिमा आने के बाद श्रद्धालुओं को उम्मीद थी कि जल्द ही स्थापना हो जाएगी, लेकिन 8 महीने बाद भी प्रतिमा स्थापना की राह देख रही है।

फिलहाल यह प्रतिमा गोढ़ी गांव के एक खेत में तिरपाल के नीचे रखी हुई है। बारिश के बाद खेत में पानी भरने और कीचड़ होने से स्थिति और मुश्किल हो गई है।

स्थापना की तारीख पर मंत्री ने साफ किया रुख

प्रतिमा की स्थापना कब होगी, इस सवाल पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि स्थापना की तारीख मंदिर समिति के लोग तय करेंगे। यानी अभी स्थापना की निश्चित तारीख घोषित नहीं की गई है।

मंत्री के बयान के बाद अब निगाहें मंदिर समिति के फैसले पर हैं। समिति की ओर से तारीख तय होने के साथ ही प्रतिमा को चंदखुरी ले जाने और स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।

श्रद्धालुओं को भी बेसब्री से इंतजार

चंदखुरी की धार्मिक पहचान भगवान श्रीराम की ननिहाल और माता कौशल्या की नगरी के रूप में है। ऐसे में यहां 51 फीट ऊंची श्रीराम प्रतिमा की स्थापना को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्सुकता है।

हालांकि फिलहाल बारिश, कीचड़ और स्थापना की तारीख तय नहीं होने के कारण इंतजार जारी है। अब मौसम साफ होने और मंदिर समिति की ओर से तारीख तय किए जाने के बाद ही तस्वीर साफ होगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H