रायपुर। छत्तीसगढ़ में सीएम हेल्पलाइन पर मिली 2 लाख से ज्यादा शिकायतों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल यानी गुरुवार को समीक्षा करेंगे। दोपहर 3 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली इस बैठक में शिकायतों के निराकरण की स्थिति, समाधान की गुणवत्ता और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि पर फोकस रहेगा। साथ ही, मुख्यमंत्री जिलों में शिकायतों के निराकरण को लेकर कलेक्टरों के कामकाज का भी आकलन करेंगे।

जनशिकायतों के समाधान के लिए 9 मार्च को शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन सेवा के तहत पिछले 7-8 महीनों में प्रदेशभर से 2 लाख से अधिक मांगें, शिकायतें और समस्याएं दर्ज हुई हैं। सरकार इन शिकायतों का निराकरण करने की प्रक्रिया में जुटी है। अब मुख्यमंत्री खुद इसकी समीक्षा कर यह देखेंगे कि लोगों की समस्याओं का समाधान किस स्तर पर और कितनी प्रभावी तरीके से हो रहा है।
मुख्य सचिव की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री करेंगे आकलन
मुख्यमंत्री की समीक्षा से पहले मुख्य सचिव विकासशील ने दो दिन पहले वरिष्ठ सचिवों के साथ बैठक कर हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों की स्थिति देखी थी। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों पर गंभीरता से काम करने और शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसी समीक्षा से मिले फीडबैक के आधार पर अब मुख्यमंत्री शिकायतों के समाधान की प्रगति का जायजा लेंगे।
जिलों के प्रदर्शन और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि पर रहेगा फोकस
सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सचिव राहुल भगत की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक की सूचना जारी की गई है। बैठक में जिलेवार प्रगति के साथ यह भी देखा जाएगा कि शिकायतों का समाधान तय समय-सीमा में हुआ या नहीं और उससे शिकायतकर्ता संतुष्ट हैं या नहीं। केवल शिकायत बंद होने के बजाय उसके निराकरण की गुणवत्ता भी समीक्षा का अहम हिस्सा होगी।
सीएम हेल्पलाइन सेवा शुरू करते समय मुख्यमंत्री साय ने कलेक्टरों को इसके प्रभावी संचालन और शिकायतों के समाधान की जिम्मेदारी सौंपी थी। ऐसे में बैठक में जिलों के अधिकारियों की कार्यप्रणाली और शिकायतों के निराकरण में उनकी भूमिका पर भी नजर रहेगी।
हेल्पलाइन नंबर 1076 पर दर्ज हो रहीं शिकायतें
छत्तीसगढ़ में सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 के जरिए लोग अपनी मांगें, शिकायतें और समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। अब तक इस माध्यम से 2 लाख से अधिक शिकायतें मिलने की जानकारी सामने आई है। सरकार के मुताबिक, अधिकतर शिकायतों का तय समय-सीमा में निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है और अलग-अलग स्तरों पर लंबित मामलों की समीक्षा भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री की समीक्षा में सामने आने वाली जिलेवार स्थिति से यह स्पष्ट होगा कि शिकायतों के समाधान में किन क्षेत्रों में प्रगति हुई है और कहां सुधार की जरूरत है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
